मोहनिया। कैमूर जिले में शनिवार को जीटी रोड पर अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहला हादसा दुर्गावती थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया मोड़ के पास हुआ। वाराणसी से बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर कार सवार अरवल लौट रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। सदर अस्पताल पहुंचते ही रंजीत कुमार की मौत हो गई। वहीं अभिषेक कुमार ने इलाज के लिए ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल कुंदन कुमार, आदित्य कुमार और अक्षय कुमार का इलाज चल रहा है। दूसरी दुर्घटना शनिवार शाम करीब सात बजे कुल्हड़िया गांव के पास हुई। मृतक रोहतास जिले के सासाराम का निवासी बताया जा रहा है।
तीसरी दुर्घटना शनिवार रात नौ बजे टोल प्लाजा के पास हुई। हादसे में ऑटो सवार रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के समहुता गांव निवासी अक्षय कुमार की मौत हो गई। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।