नगर के वार्ड नंबर एक जगदीशपुर मोहल्ला में सड़क पर लगा बारिश का पानी। संवाद
बलिया। जिले में शुक्रवार को दोपहर बाद कभी तेज व कभी धीमी बारिश से शहर के मोहल्लों व गलियां में जलभराव हो गया। सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश नगरा ब्लाॅक क्षेत्र में हुई। शहर में कुछ इलाकों में दोपहर में तेजी से बारिश से पानी निकासी की समस्या बनी रही। सोहांव में 42 मिमी, रसड़ा में 29.5 मिमी बारिश हुई।
चार दिनों से बारिश का दौर चल रहा है। इससे शहर के जगदीशपुर, आवास विकास काॅलोनी, बहादुरपुर, रामदहिमपुरम, टैगोरनगर, काजीपुर, हरपुर आदि मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। शहर से सटे जीराबस्ती, पटखौली, परमंदापुर, अमृतपाली आदि गांवों की नई बस्तियों तक जाने वाले मार्ग पर पानी का ठहराव हो गया है। जीराबस्ती रोडवेज वर्कशाॅप, डेरी केंद्र, केंद्रीय विद्यालय, काॅशीराम आवास समेत अन्य विद्यालयों के अंदर व बाहर पानी एकत्रित होने से पठन-पाठन में दिक्कत होने लगी है।
जीराबस्ती वर्कशाॅप में दो-फीट तक पानी जमा होने से कामकाज प्रभावित हो गया है। बसों की मरम्मत तक नहीं हो पा रही है। जलभराव के कारण कई घरों के अंदर पानी भरा है। लोग टुल्लू से पानी बाहर निकाल रहे। कई दुकानों के अंडरग्राउंड इलाके में तीन फीट तक पानी भरा है। गांधी महाविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि जिले में लगभग 10 एमएम बारिश दर्ज की गई। अभी बारिश का दौर जारी रहेगा।
नगरा संवाददाता के अनुसार तेज बारिश के कारण नगरा बाजार में दुकानों के सामने पानी लगने से दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद मुख्य बाजार में दुकानों के सामने पानी लग गया। स्थानीय दुकानदार रवि कुमार गोंड ने बताया कि जब भी जोरदार बारिश होती है हमलोगों के दुकान के सामने पानी लग जाता है जिससे काफी परेशानी होती है।
नगर के वार्ड नंबर एक जगदीशपुर मोहल्ला में सड़क पर लगा बारिश का पानी। संवाद