बलिया। नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों की बैठक हुई। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए डीएम ने निर्देश दिए हैं।
पूजा समितियों से उनके सुझाव एवं समस्याएं जानकर समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर संबंधित थानों में उपलब्ध कराए जाएं। प्रत्येक पूजा पंडाल में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम, जैसे अग्निशमन यंत्र आदि अनिवार्य रूप से हों। दो से तीन स्वयंसेवकों की टीम हर पंडाल में तैनात रहे, जो विशेषकर रात्रि में भी निगरानी रखें।
डीएम ने कहा कि मां दुर्गा की ज्योति 24 घंटे जलती है, ऐसे में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पूजा स्थलों पर थाना प्रभारी (एसओ) का मोबाइल नंबर चस्पा हो, साथ ही एसओ के पास भी पंडाल संचालकों व स्वयंसेवकों के नंबर हों, साथ ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि पूरे पर्व के दौरान नियमित साफ सफाई और प्रकाश व्यवस्था की जाए।
पंडाल ऐसी जगह लगाएं, जिससे आम जनता के आवागमन में कोई असुविधा न हो, पुलिस अधीक्षक से कहा कि हर पंडाल पर एक पुलिस कांस्टेबल की तैनाती की जाए। विसर्जन के समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई। कहा कि कोई नई परंपरा न स्थापित की जाए, और दुर्गा प्रतिमाएं अधिक ऊंचाई की न हों, छोटी गाड़ियों का प्रयोग किया जाए।