सकलडीहा। जनपद न्यायालय निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नही ले रहा है। मंगलवार को संयुक्त बार के अधिवक्ताओं के साथ पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व विधायक ने प्रदेश सरकार और जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सिंह व महामंत्री अजय कुमार रंजन ने कहा कि सरकार जनपद के निर्माण हुए वर्षों बीत गये लेकिन विकास के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। जनपद मुख्यालय पर जिला न्यायालय के निर्माण तक अधिवक्ताओं का आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर अधिवक्ता अधिकारियों के कार्यालय में तालाबंदी भी करेंगे। इसके पूर्व डेमोक्रेटिक बार के संरक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार को अधिवक्ताओं और वादकारियों के हित में यथाशीघ्र निर्णय लेते हुए न्यायालय का निर्माण शुरू कराना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व अध्यक्ष अशोक यादव, नितिन तिवारी, उपेंद्र नारायण सिंह, अतुल तिवारी, आलोक पांडेय, संजय सिंह, नरसिंह, गुड्डू सिंह, रामराज यादव शामिल रहे।