पीडीडीयू नगर। सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो और ऑडियो का संज्ञान लेते हुए चंदौली एसपी आकाश पटेल ने सोमवार शाम मुगलसराय के पूर्व थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह और चकरघट्टा थाने के मुख्य आरक्षी सुरेंद्र प्रताप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
मुगलसराय थाने से जुड़े मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पीड़ित ने तत्कालीन थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह पर थाने में मामले की पैरवी के दौरान अमर्यादित आचरण, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया था। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी ने उन्हें पहले ही लाइन हाजिर कर दिया था। प्राथमिक जांच रिपोर्ट के बाद अब उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरा मामला चकरघट्टा थाने का है। मुख्य आरक्षी सुरेंद्र प्रताप यादव का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि बीते 25 अगस्त को उन्होंने विद्युत विभाग, नौगढ़ के जूनियर इंजीनियर को फोन कर गाली-गलौज और अपशब्द कहे थे। ऑडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरक्षी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, अमर्यादित व्यवहार या जनता के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पुलिसकर्मियों को निष्ठा, शालीनता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।