पीडीडीयू नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के बाद सैयदराजा के पूर्व विधायक और सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने किसानों और सपा कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया और मिठाई बांटी। इसे किसानों के कड़े प्रतिकार व लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया। कहा कि कृषि विधेयकों को वापस लिया जाना किसानों के लंबे संघर्ष का सकारात्मक परिणाम है।
पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा की सरकार जनता के समक्ष ऐसे ही नतमस्त होगी। बस जरूरत है ऐसे ही दृढ़ संकल्पित होकर अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष करने की। अब वक्त है यूपी की सरकार को उसके कृत्यों का समुचित जवाब देने का। आह्वान किया कि यूपी की जनता तंगहाली बेरोजगारी बढ़ते अपराध व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना चाहती है तो अपने वोट से इस सरकार को चोट पहुंचाएं। अन्यथा यहां महंगाई व बेरोजगारी अपने चरम पर होगी और लोग सड़क बिजली पानी व शिक्षा स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए हर दिन संघर्ष करने को विवश होंगे।