नौगढ़। बृहस्पतिवार को जयमोहनी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रवि शंकर शर्मा ने जोताई कर रहे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद ट्रैक्टर ले जा रहे वनरक्षक संदीपक को बीच रास्ते में रोककर लोगों ने मारपीट की। मारपीट करने वाले दो लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहीं डीएफओ रामनगर के निर्देश पर देर शाम छह लोगों के खिलाफ नौगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के जयमोहनी रेंज में अमदहां वीट कंपार्टमेंट नंबर 13 में सुनियोजित तरीके से अतिक्रमणकारियों के द्वारा वन भूमि को खेत बनाया जा रहा था। सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी रवि शंकर शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर ट्रैक्टर को पकड़ लिया। ट्रैक्टर लेकर आ रहे वन विभाग की टीम को डुमरिया मोड़ पर बाइक सवार लोगों ने रोक लिया और ट्रैक्टर चला रहे वनरक्षक संदीपक को उतारकर मारने पीटने लगे। पीछे से आ रहे वन क्षेत्राधिकारी के पहुंचते ही आरोपी भागने लगे। इस दौरान दो लोगों को पकड़ लिया गया। ट्रैक्टर के साथ उन्हें भी रेंज कार्यालय लाया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वनअधिनियम 1927 की धारा 26/41/42/ अन्य धाराओं में निरुद्ध किया गया है। ट्रैक्टर को पकड़ने गए वन विभाग की टीम में वन दरोगा ओंकार नाथ शुक्ला, वन रक्षकों में निर्भय सिंह, चंद्रशेखर, आदित्य सिंह, मनीष गुप्ता के अलावा अन्य वन कर्मी मौजूद थे।
कोट.....
भू-माफिया कितने ही ताकतवर हों, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। वन क्षेत्र केवल वन्यजीवों के लिए है। मानव का इसमें दखल किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिनेश सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी, रामनगर