थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे वनरक्षक दूधनाथ यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह मझगाई रेंज में वनरक्षक के पद पर तैनात थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार दूधनाथ यादव निजी मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जयमोहनी-पोस्ता-ढौठवा कच्चे वन मार्ग पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह सड़क किनारे गिरकर अचेत हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
परिजन उन्हें सोनभद्र के मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार मौत हार्ट अटैक से हुई। दूधनाथ यादव सोनभद्र के मधुपुर क्षेत्र के बट्टे गांव के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी निशा देवी और दो बेटे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। वन क्षेत्राधिकारी मोहन सिंह ने कहा कि विभाग इस घटना से गमगीन है। उन्होंने बताया कि वनरक्षक के परिवार को नियमानुसार मिलने वाली सुविधाएं दिलाने के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी।