पीडीडीयू नगर। खाद्यान्न और किराना सहित अन्य उत्पादों से मंडी शुल्क हटाने पर दुलहीपुर के पूर्वांचल फ्लोरमिल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कपूर और अन्य उद्यमियों ने खुशी जताई है। विजय कपूर ने बताया कि केंद्र सरकार ने पांच जून और प्रदेश सरकार ने नौ जून को मंडी शुल्क हटाने का निर्णय लिया है। इससे व्यापारी, किसान सभी को फायदा होगा। साथ ही दूसरे राज्यों के व्यापारियों से प्रतिस्पर्धा में भी यूपी के कारोबारी मजबूती के साथ खड़े हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल ने मंडी निदेशक से मिलकर आभार जताया और इसे व्यापारी एवं किसान के हित में बड़ा निर्णय बताया। विजय कपूर ने कहा कि अभी मंडी से गेहूं खरीदने पर ढाई प्रतिशत कर देना पड़ता था। इसमें दो प्रतिशत मंडी शुल्क और आधा प्रतिशत विकास शुल्क शामिल है। जबकि बिहार और मध्यप्रदेश में मंडी शुल्क नहीं लगता था। इससे यूपी के खासकर फ्लोरमिल के कारोबारी व्यापारिक प्रतिस्पर्धा में मजबूती के साथ खड़े नहीं हो पाते थे। यूपी में ढाई फीसदी कर लगने से महंगे दाम पर गेहूं खरीदना पड़ता था। लेकिन अब एक समान व्यवस्था लागू होने से व्यापारी कहीं से भी गेहूं खरीदने के साथ फ्लोरमिल का कारोबार आसानी से कर सकेगा।