डेहरी
आन सोन से मुगलसराय आ रही मालगाड़ी के पांच वैगन गुरुवार की दोपहर मंडल के
अंतर्गत पुसौली रेलवे स्टेशन के समीप पटरी से उतर गए ।
इसके
चलते करीब पांच घंटे तक अप और डाउन दोनों ट्रैकों पर ट्रेनों का परिचालन
प्रभावित रहा। शाम करीब छह बजे लूप लाइन से पहली ट्रेन डेहरी आन सोन से नई
दिल्ली के लिए पुरुषोत्तम एक्सप्रेस रवाना की गई।
इसके बाद रेलवे अफसरों के
निर्देश पर परिचालन शुरू हो गया। मंडल रेल प्रबंधक विद्याभूषण ने बताया कि
डिब्बे बेपटरी हो जाने के कारणों की जांच की जा रही है। इसके लिए मंडल
उच्चाधिकारियों से दो दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
डेहरी आन
सोन से गुरुवार करीब साढ़े बारह बजे मालगाड़ी मु्गलसराय के लिए रवाना हुई।
ट्रेन जब सासाराम के पास पुसौली रेलवे स्टेशन को पार कर रही थी कि उसके
पांच डिब्बे अचानक तेज आवाज करते हुए पटरी से उतर गए। चालक ने इमरजेंसी
ब्रेक का इस्तेमाल करते हुए मालगाड़ी रोक दी और घटना से मंडल के
उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना पर मंडलीय अधिकारियों ने तत्काल एआरटी
(एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) को घटना स्थल पर रवाना किया। करीब ढाई बजे एआरटी
के साथ मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने बेपटरी हुए डिब्बों को हटाना आरंभ कर
दिया। करीब तीन घंटे बाद अप दिशा में पटरी की मरम्मत कर दी गई।
फिर
अधिकारियों के निर्देश पर पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को रवाना
किया गया। इसके पश्चात क्रमश: हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, गया-नई
दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस समेत गया रूट की सभी ट्रेनों को पास कराया गया।
उधर डाउन की ट्रेनों में अमृतसर-टाटा जलियां वाला बाग एक्सप्रेस समेत अन्य
यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों को रवाना किया गया।