नियामताबाद। अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जीटीआर ब्रिज के पास से शुक्रवार को पांच तस्करों को 51 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी शराब की खेप लेकर बिहार जा रहे थे। बरामद शराब की कीमत 1.20 लाख रुपये बताई गई है।
पीडीडीयू नगर सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अलीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार यादव और आरपीएफ की टीम के साथ जीटीआर ब्रिज के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर शराब लेकर ऑटो रिक्शा से बिहार जाने की फिराक में है। इसके बाद टीम ने घेराबंद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 51 लीटर से अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 1.20 लाख रुपए है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शहाबगंज थाना क्षेत्र के उदयपुरा निवासी महेश गुप्ता, बिहार के रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के नवरतन बाजार निवासी संदीप कुमार, चौक टाउन थाना क्षेत्र के मोहम्मद अशफाक, आलमगंज सागर निवासी बबलू केशरी और डालमिया नगर थाना क्षेत्र के गणेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।