विश्व कप प्रतियोगिता के क्वाटर फाइनल मुकाबले में भारत-बांग्लादेश मैच को
लेकर नगर के युवाओं में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिला। गुरुवार की सुबह
मैच शुरू होने से पूर्व पुरानी बाजार के युवाओं की टोली ने श्रीराम जानकी
मंदिर में जाकर पूजन-अर्चन किया।
इसके बाद बाजार में टीवी रखकर
सामने लड्डू व नारियल चढ़ाया और टीम इंडिया की जीत के लिए ईश्वर से
प्रार्थना की। मैच शुरू होने के बाद बाजार में भीड़ जुट गई। शाम को टीम
इंडिया की 109 रन से जीत होने के बाद युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की।
गौरतलब
है कि इन दिनों विश्व कप में टीम इंडिया के अच्छे प्रदर्शन से क्रिकेट
प्रेमियों में अपनी टीम को लेकर उत्साह चरम पर है।
इसी कड़ी में गुरुवार को
नगर के क्रिकेट प्रेमी युवाओं ने टीम इंडिया की जीत के लिए श्रीराम जानकी
मठ मंदिर में जाकर पूजन किया। इसके बाद टीवी पर मैच देखने बैठ गए।
पुरानी
बाजार में सड़क किनारे लगे टीवी पर मैच देखने वालों की भीड़ धीरे-धीरे
बढ़ती गई।
मैच को लेकर उत्साह इस कदर था कि जब भी कोई बल्लेबाज चौका-छक्का
लगाता लोग खुशी से झूम उठते। वहीं विकेट गिरने पर उनके चेहरे पर मायूसी छा
जाती। मायूसी और खुशी का यह दौर देर शाम तक चलता रहा।
जीत सुनिश्चित होने
के बाद युवाओं ने बाजार में आतिशबाजी करके टीम इंडिया की जीत का जश्न
मनाया। इस मौके पर संदीप अग्रहरि, रौशन अग्रहरि, परवेज, इमरान, पंकज
अग्रहरि, पतालू अग्रहरि रहे।