चंदौली। प्रभारी कार्मिक अधिकारी व एडीएम अतुल कुमार ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर नवीन मंडी में गैरहाजिर चल रहे मतदान कर्मियों के खिलाफ एक्शन के मूड में नजर आ रहे हैं। एडीएम ने प्रभारी निरीक्षक चंदौली को पत्र लिखकर चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम से दूरी बनाए रखने वाले 59 मतदान कर्मियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। आदेश मिलने के बाद कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।
दरअसल नवीन मंडी समिति स्थल पर बीते नौ अप्रैल से मतदान कार्यों को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें उन कर्मचारियों व अफसरों को ट्रेनिंग दी जा रही है जिनकी ड्यूटी आगामी पंचायत चुनाव में लगाई जानी है। पहले दिन गैरहाजिर मतदान कर्मियों को चेतावनी जारी की गई थी कि वह अगली तिथि को प्रशिक्षण कार्यक्रम आवश्यक रूप से उपस्थित होकर ट्रेनिंग को मुकम्मल कर लें। बावजूद इसके 59 मतदान कर्मी प्रशिक्षण कार्यक्रम से अनुपस्थित रहे। इससे खफा प्रभारी कार्मिक अधिकारी अतुल कुमार ने चंदौली कोतवाल को पत्र जारी कर प्रशिक्षण प्राप्त करने में उदासीनता व लापरवाही दिखा रहे 59 मतदान कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान संबंधित किसी भी कार्य व कार्यक्रम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।