शादी में बार डांस, फायरिंग पर चकिया में एफआईआर दर्ज
पूर्व आईपीएस ने महज एक के विरुद्ध एफआईआर पर जताई आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। चकिया थाना क्षेत्र में शादी के अवसर पर बार बालाओं के डांस के दौरान युवकों द्वारा फायरिंग के बारे में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और डॉ नूतन ठाकुर द्वारा की गयी शिकायत के बाद इस संबंध में शुक्रवार को चकिया थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
चकिया थाना प्रभारी के अनुसार अमिताभ ठाकुर तथा नूतन ठाकुर की शिकायत की जांच से मालूम हुआ कि 16 जून 2021 को लक्ष्मी पैलेस एंड गेस्ट हाउस निर्भयदास में एक शादी समारोह में जयमाल के कार्यक्रम के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इस पर लक्ष्मी पैलेस के मैनेजर भोला खरवार की लिखित तहरीर के आधार पर एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। जिसकी विवेचना दरोगा राजेश कुमार राय द्वारा की जा रही है। इस पर पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर तथा सामाजिक कार्यकर्ता नूतन ठाकुर ने आपत्ति जताते हुए कहा है कि वीडियो में कई लोगों द्वारा फायरिंग की बात दिख रही है, अत: मात्र एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर उचित नहीं है।