आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर हरकेश गांव के पास शुक्रवार की रात मोबाइल पर बात करने को लेकर एक लड़की से गांव के बबलू राजभर से विवाद हो गया। लड़की के परिजन और गांव के लोगों ने बबलू राजभर (40) पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। वहीं, बबलू को बचाने के लिए गए उनके पिता कन्हैया की हमलावरों ने पीटकर हत्या कर दी। परिजन घायल कन्हैया को लेकर अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीन भाइयों समेत पांच नामजद और कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। घटनास्थल पर एसपी ग्रामीण चिराग जैन, सीओ बूढ़नपुर मौके पर पहुंचे और परिवार की तहरीर पर पांच नामजद और अन्य अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच करने के निर्देश दिए।
बबलू की पत्नी निशा राजभर ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर हरिकेश गांव निवासी मेरे पति व खरकौली गांव के बस्ती की रहने लड़की के पिता रामअवध दोनों दोस्त हैं। रामअवध ने बबलू से कहा था कि उनकी लड़की पर वह नजर रखे ताकि वह फोन पर किसी से बात न कर सके। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे बबलू नहर के पुलिया पर बैठे थे। तभी रामअवध की पुत्री वहां से मोबाइल पर बात करते हुए गुजर रही थी। जब उससे मोबाइल पर बात करने के लिए बबलू ने पूछा तो लड़की ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद वह घर चली गई। कुछ देर बाद रामअवध, गुड्डू, राधेश्याम, प्रमोद और विकास सहित कई लोग उसके घर पर पहुंचे। पीड़ित बबलू राजभर ने बताया कि खरकौली के रहने वाले लोग ग्रुप बनाकर लाठी डंडे से लैस होकर आए। इसके बाद मेरे ऊपर हमला कर दिए। बचाने आए पिता कन्हैया राजभर (62) पर भी लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इससे पिता कन्हैया को गंभीर चोटें आईं। गांव के लोग उन्हें एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया।
तीन सगे भाइयों समेत पांच पर नामजद और कई अन्य पर मुकदमा दर्ज
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर हरिकेश गांव निवासी कन्हैया राजभर की मौत के बाद परिवार के लोगों ने खरकौली गांव के दलित बस्ती निवासी पांच नामजद सहित अन्य कुछ अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस ने इस मामले में तीन सगे भाई राम अवध, गुड्डू व राधेश्याम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वहीं विकास, प्रमोद और अन्य कुछ लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में मारपीट की घटना की शिकायत मिली थी। मारपीट की घटना में एक की मौत हो गई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - चिराग जैन, एसपी ग्रामीण आजमगढ़।