पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर बंधा के पास 12 फरवरी को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के नाबालिग बेटे को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है।
मुगलसराय कोतवाली में दर्ज मुकदमे के अनुसार बहादुरपुर बंधा के पास बीते 12 फरवरी को कुंडा खुर्द निवासी बिंदू यादव व उसके नाबालिग बेटे के अलावा शिवकुमार यादव ने गांव के ही मुनक्का सिंह पटेल के इकलौते बेटे विवेकशंकर पटेल की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने 28 फरवरी को शिवकुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी बिंदु यादव और उसका नाबालिग बेटा पुलिस की पकड़ से दूर थे। पुलिस ने पटेल नगर के पास से बिंदु यादव को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके नाबालिग बेटे को भी पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। थानाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है।