नौगढ़। नोनवट गांव में शनिवार की शाम एक अमानवीय घटना सामने आई। औरवाटाड़ बांध के पास मछली चोरी के संदेह में ठेकेदार के कर्मचारियों ने एक बुजुर्ग और उसके बेटे को पकड़ लिया। दोनों को पेड़ से बांधकर बेहरमी से पीटा। दोनों को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
पीड़ित सुनील ने नौगढ़ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शनिवार की शाम उनके 65 वर्षीय पिता मकसूदन गांव के पास स्थित औरवाटाड़ बांध के पास शौच के लिए गए थे। वहां मछली ठेकेदार के कर्मचारी मोटरबोट से निगरानी कर रहे थे। ठेकेदार के कर्मचारियों ने पिता को मछली चोरी के शक में पीटना शुरू कर दिया। पिता की चीख-पुकार सुनकर जब वह बचाने के लिए पहुंचा तो उसे भी पकड़ लिया। आरोप है कि सात लोगों ने सुनील और मकसूदन को पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान न तो किसी ने रोकने की कोशिश की और न ही कोई ग्रामीण विरोध कर सका। आरोपियों के पास डंडे और अन्य हथियार थे। घटना के बाद किसी तरह से दोनों घर पहुंचे। परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉ. नागेंद्र पटेल ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के अनुसार, दोनों को कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। विशेष रूप से पीठ, हाथ और सिर में सूजन एवं खून के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद से नोनवट गांव में तनाव है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने तथा ठेकेदारी व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।नौगढ़ थाना प्रभारी रमेश यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घटना स्थल का मुआयना कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश जा रही है।