धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में भूमि विवाद में फावड़े से हमला कर अजय प्रजापति (38) की हत्या मामले में आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने मंगलवार को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया। वहीं, एक आरोपी अभी भी फरार है।
करजरा गांव में अजय प्रजापति छह जुलाई की दोपहर में निजी जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। वहीं पड़ाेस में रहने वाले नरेंद्र सिंह, उनका बेटा आशीष और अभिषेक निजी जमीन में रास्ता छोड़ने के लिए दबाव बनाने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। बात बढ़ी तो दूसरे पक्ष के लोगों ने फावड़ा से अजय पर हमला बोल दिया। इससे अजय गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। अजय के परिवार वालों ने घायल को समीप के अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई। इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति हो गई। इस मामले में पुलिस ने नरेन्द्र सिंह और उसके बेटे आशीष सिंह उर्फ विनायक और अभिषेक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। मंगलवार की शाम पुलिस को पता चला कि आरोपी पिता पुत्र घर पर हैं। ऐसे में नरेन्द्र और उसकेे बेटे अभिषेक को गिरफ्तार कर चालान किया गया। वहीं आशीष उर्फ विनायक फरार है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश यादव ने बताया कि हत्यारोपी पिता पुत्र का चालान किया गया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।