मुगलसराय स्थित शाहकुटी मंदिर पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करती महिलाएं
पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने निराजल व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना की। बाद में माता पार्वती द्वारा भगवान शिव को प्राप्त करने की कथा सुनी। शिवालयों में दिन भर महिलाओं की भीड़ जुटी रही और जयकारे लगते रहे। इसके पूर्व पूजन अर्चन के लिए बाजार में खूब खरीददारी की गई।
सुबह से ही व्रती महिलाओं में भारी उत्साह रहा। महिलाओं ने स्नान के बाद निराजल व्रत रहकर पूजा की तैयारी शुरू कर दी। इस अवसर पर महिलाओं ने विविध प्रकार से शृंगार किया। पूरे मनोयोग से हाथों पर मेंहदी रचाई और सोलह शृंगार किया। जिसमें घर के गहने प्रयुक्त हुए। रविवार को हस्ता नक्षत्र और तीज तिथि शाम सवा चार बजे तक होने की वजह से दिन में ही पूजा-अर्चना की गई। नगर के पटेलनगर स्थित सिद्धेश्वर महादेव, शाहकुटी दुर्गा मंदिर, गल्ला मंडी स्थित मंदिर, कैलाशपुरी शिव मंदिर, आरपीएफ कालोनी, मानसनगर, डीजल कालोनी सहित अन्य इलाकों में शिव मंदिरों पर दोपहर से ही महिलाएं लगातार पहुंचती रहीं और विधि विधान से पूजन अर्चन किया। घरों में भी महिलाएं एकत्र हुईं और मिट्टी का शिवलिंग बनाया।
पुरोहितों पूजन अर्चन में सहयोग किया। वस्त्र, शृंगार वस्तुएं आदि अर्पित करने के बाद पार्वती और शिव की आरती उतारी। पूजन के बाद माता पार्वती के कठिन तपस्या कर भगवान शिव को प्राप्त करने की कथा सुनी। कथा के बाद महिलाओं ने भी पति के दीर्घायु की कामना करते हुए परिवार की बेहतरी की कामना की। इसके पूर्व घरों में पूजन अर्चन के लिए गुझिया आदि अनेक पकवान तैयार किए गए। घर में उत्सव जैसा माहौल दिखा। रात में परंपरा के तहत रात्रि जागरण किया गया और गीत संगीत का आयोजन किया गया। युवतियों ने मनोवांछित वर पाने के लिए व्रत रखा। इसके पूर्व पूजन सामग्री खरीदने के लिए रविवार को भी बाजार में भीड़ जुटी।