स्थानीय चौराहे पर पड़ाव भूपौली मार्ग की मरम्मत के लिए चल रहा आम आदमी पार्टी का अनशन तीसरे दिन रविवार को भी जारी रहा।
रविवार
को सूजाबाद की महिलाओं ने मौके पर पहुंच कर अनशनकारियों को अपना समर्थन
दिया। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक
आंदोलन जारी रहेगा।
आम आदमी पार्टी ने आठ दिन पहले मार्ग की मरम्मत के
लिए धरने की शुरूआत की थी। इसके बाद धरना क्रमिक अनशन में और शुक्रवार से
आमरण अनशन में तब्दील हो गया है।
रिजवान अहमद और राकेश अनशन पर बैठे हैं।
इस बीच आस पास के गांव के लोग मौके पर पहुंच कर अनशनकारियों को अपना समर्थन
दे रहे हैं। रविवार को भी सूजाबाद की दर्जनों महिलाएं पहुंची और समर्थन
में प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने
कहा कि प्रदेश सरकार सिर्फ हवा हवाई विकास के दावे कर रही है। वह प्रदेश की
उपलब्धियों को गिनाने और जाति विशेष के लोगों को उच्च पदों पर बैठाने में
मशगूल हैं वहीं जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश सरकार बजट का रोना रो
रही है।
कहा कि पड़ाव भूपौली मार्ग भी प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है।
बारिश होते ही इस पर कीचड़ से राह चलना मुश्किल हो रहा है। अनशन को मिल रहा
समर्थन वास्तव में क्षेत्र के लोगों के अंदर छिपे गुस्से को दर्शा रहा है
और अब प्रशासन इसकी उपेक्षा नहीं कर सकता है। इस मौके पर पंकज मिश्र,
दयाराम, जागृति राही, मोहसिन, डा. इंदू पांडेय, शाहिद अहमद, कला प्रसाद
सोनकर, सरोज शर्मा, मनोज यादव, बबलू मिश्र आदि रहे।