नियामताबाद। विकासखंड के कई गांवों के किसानों को पिछले रबी सीजन की सब्सिडी अभी तक नहीं मिली है जबकि किसान आगामी दो माह में गेहूं सीजन की तैयारी शुरू कर देंगे। क्षेत्र के दो सौ से अधिक किसानों ने गेहूं का बीज 50 प्रतिशत सब्सिडी पर राजकीय बीज केंद्र नियामताबाद से खरीदा था। इसकी सब्सिडी किसानों के खाते में जमा होनी थी जो अभी तक नहीं हुई।
किसानों को आर्थिक लाभ पहुंचाने और गेहूं की पैदावार बढ़ाने के लिए सब्सिडी पर गेहूं का बीज वितरित किया गया था। किसानों ने नगद राशि जमाकर बीज खरीदा था। उस समय बीज केंद्र प्रभारी ने किसानों से कहा था कि उन्हें सब्सिडी दी जाएगी लेकिन अब तक खातों में राशि नहीं पहुंची है। इससे किसान कृषि विभाग और बैंकों के चक्कर काटने को विवश हैं। उनका कहना है कि दो माह बाद रबी सीजन की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में धन की कमी आड़े आ सकती है। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा कि सब्सिडी की राशि के लिए किसान बहुत परेशान हो रहे हैं। जल्द ही किसान संघ इस मामले से जिला प्रशासन को अवगत कराएगा। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने कहा कि जिन किसानों ने गेहूं का बीज केंद्र से लिया था उनके नाम और बैंक खाता नंबरों की सूची मिल गई है। शासन से फंड भी उपलब्ध हो गया है। दो दिन में किसानों के खातों में पैसा पहुंच जाएगा।