यूरिया नहीं मिलने से नाराज किसानों ने गुरुवार की दोपहर मुख्यालय स्थित
इफ्को किसान सेवा केंद्र के समक्ष नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।
इस
दौरान किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पाकर
पहुंची कोतवाली पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके किसानों को सड़क से हटाया।
इस दौरान आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
गौरतलब है कि यूरिया के
लिए जिला मुख्यालय स्थित इफ्को किसान सेवा केंद्र पर बीते दो दिनों से
किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। गुरुवार को भी किसान उर्वरक लेने के लिए
इफ्को केंद्र पर पहुंचे, लेकिन यहां कुछ किसानों को खाद देने के बाद
उर्वरक वितरण बंद कर दिया गया।
इससे किसान भड़क उठे और वे हंगामा करते हुए
दोपहर लगभग एक बजे नेशनल हाइवे पर जमा हो गए। किसानों ने हाइवे को जाम करके
नारेबाजी शुरू कर दी। यह देख केंद्र के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों ने इसकी
सूचना कोतवाली को दी। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस वहां पहुंची।
पुलिस ने
बल प्रयोग करके किसानों को हाइवे से हटाया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ और
परिचालन सुचारु रूप से बहाल हो सका। पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने से
किसानों में काफी नाराजगी रही।
किसानों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन उनको
पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने में असफल साबित हो रहा है। केंद्र प्रभारी
पवन श्रीवास्तव ने बताया कि 360 बोरी यूरिया किसानों में बांटी गई है। जल्द
ही यूरिया आने की संभावना है।