चहनिया। गुरेरा से नादी निधौरा तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान बाण गंगा ड्रेन पुल को चौड़ा और ऊंचा नहीं बनाने का आरोप लगाते हुए किसानों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। गुरेरा-रामगढ़ मार्ग पर गुलाब सिंह गेट के पास ग्रामीणों ने जेसीबी के सामने धरना देकर करीब दो घंटे तक मार्ग जाम कर दिया। विरोध बढ़ने पर ठेकेदार जेसीबी लेकर लौट गया।
ग्रामीणों का कहना था कि ड्रेन पर बना पुल संकरा और नीचा है। बरसात में जल निकासी बाधित होने से रामगढ़, रइया, बैराठ, बरिया, महमदपुर और कूरा समेत आसपास के गांवों में जलभराव का खतरा बना रहता है। कहा कि सड़क के साथ यदि पुल की चौड़ाई और ऊंचाई नहीं बढ़ाई गई तो समस्या और गंभीर हो जाएगी। उधर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि तकनीकी पहलुओं का परीक्षण कर उचित समाधान निकाला जाएगा।