यूपी के चंदौली में कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में बुधवार रात किसान बृजेश राजभर के सिर में फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद हमलावर शव को तालाब में फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने पड़ोस के ही युवक मुलायम राजभर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही हत्या में प्रयुक्त फावड़े को भी बरामद कर लिया। बताया कि मुलायम का बृजेश की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसे लेकर मुलायम ने बृजेश को कई बार धमकी भी दी थी।
विशुनपुरा गांव के स्व. रामसूरत राजभर के दो पुत्रों में बृजेश (40) छोटा था। बुधवार को वह इंजन चला कर खेत के पास स्थित तालाब से पानी खींच कर खेतों की भराई कर रहा था। देर शाम घर से आया, खाना वहीं अपनी मड़ई में खाया और रात में वहीं सो गया।
गुरुवार को सुबह बृजेश के घर नहीं पहुंचने पर परिजन खेत पर पहुंच गए। इधर-उधर खोजने के बाद इंजन के पास तालाब पर गए तो वहीं बगल में तालाब में उगी झाड़ी में उसका शव पानी में उतराया हुआ था। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।