पीडीडीयू नगर। बबुरी थाना क्षेत्र के जलखोर गांव में जंगली सूअर के हमले से एक किसान की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में, खासकर नदी किनारे बसे गांवों में दहशत है।
जलखोर गांव निवासी हर मंगल बियार (55) रोज की तरह मवेशियों को चारा डालने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान एक जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। सूअर के तेज और लगातार हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बचाने की कोशिश की और परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुत्र अजीत ने बताया कि उनके पिता परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि जंगली सूअरों पर तत्काल नियंत्रण लगाया जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व मुआवजा दिया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि जलखोर गांव सहित आसपास के इलाकों में जंगली सूअरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी ये जंगली सूअर मवेशियों पर हमला कर चुके हैं और खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब इंसानों पर हमला होने से किसान और मजदूर खेतों में जाने से डरने लगे हैं।
खासकर सुबह और शाम के समय लोग बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बबुरी पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बबुरी प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।