पीडीडीयू नगर। शनिवार रात आठ बजे आई आंधी और ओलों के साथ हुई बारिश ने विद्युत व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करके रख दिया। आंधी व बारिश के दौरान कई स्थानों पर पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिर पड़े जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। इसके अलावा कुछ स्थानों पर कच्चे मकान भी धराशाई हो गए। वहीं चकिया क्षेत्र में बिजली की चपेट में आने से चार भैसों की मृत्यु हो गई। बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी शनिवार की रात से लेकर रविवार की दोपहर तक भागदौड़ करते रहे।
नगर में आंधी से लगभग 8.20 बजे साहूपुरी से चंदासी और अलीनगर को जोड़ने वाली मेन लाइन ट्रिप हो गई। इसे लगभग 8.55 बजे बहाल किया गया। इसके अलावा कुछ फीडरों की लाइन पर पेड़ टूटकर गिर गए जिन्हें विभाग के कर्मचारियों ने तारों से अलग किया। सुभाष नगर में फीडर नंबर पांच से जुड़ा पोल धराशाई हो जाने के कारण वार्ड के कुछ हिस्सों में रातभर बिजली नहीं रही। रविवार की सुबह विभागीय कर्मचारियों ने पोल की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की। कुछ छिटपुट इलाकों को छोड़ रात लगभग 11.35 बजे तक नगर की विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दी गई। इसके अलावा पेड़ गिरने, तार व खंभा टूटने के कारण छिड़े, मुस्लिम महाल, चौहान बस्ती, चंदासी, नई बस्ती, सरेसर, इस्लामपुर, चकिया मोड़, मवई सहित कुछ अन्य क्षेत्रों के कुछ इलाकों में मरम्मत का कार्य जारी रहा।
शिकारगंज संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के करवदिया गांव में बारिश के दौरान बिजली गिरने से गांव के पशु पालक छोटू यादव की तीन भैंस व एक पड़िया की मौत हो गई। जानकारी होने पर लेखपाल धनंजय ने मौका मुआयना कर आर्थिक सहायता दिलाए जाने का भरोसा दिया।लेखपाल ने एक लाख 26 हजार की आर्थिक क्षति का रिपोर्ट तहसील प्रशासन को प्रेषित कर दी है।
चकिया संवाददाता के अनुसार,बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ताला बीचबनवा गांव निवासी प्रीतम यादव के तीन भैंसों की मौत हो गई। जानकारी होने पर हल्का लेखपाल ने मौके का मुआयना कर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट प्रेषित कर दी है। सिवान में भैंसों के चरते समय अचानक मौसम हुए बदलाव के बाद बारिश के दौरान बिजली गिरने से घटना हुई।
चहनिया संवाददाता के अनुसार, ग्राम सभा चकरा में बिजली गिरने के कारण गांव निवासी शशिबाला के एक भैंस की मौत हो गई।
इलिया संवाददाता के अनुसार, वनगांवा के ताला गाव में भी बिजली के चपेट मे आने से पशुपालक रामसूरत यादव के तीन भैसों की मौत हो गई। भैंसों को उन्होंने अपने घर के बाहर बांधा था। ग्रामीणों ने पशुपालक को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
ट्रांसफार्मर जला
पीडीडीयू नगर। आंधी-पानी के कारण नगर के कैलाशपुरी क्षेत्र में लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। विद्युत कर्मचारियों ने मोबाइल ट्राँसफार्मर लगा कर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल की। एक्सईएन प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि आंधी, तूफान व बारिश के कारण बिजली आपूर्ति में कठिनाई आई थी। विभाग के कर्मचारियों ने रविवार तक लगभग सभी इलाकों में आपूर्ति बहाल कर दी है।
दो दिन आपूर्ति रहेगी बाधित
पड़ाव। साहूपुरी स्थित 220 केवी उपकेंद्र पर सोमवार व मंगलवार को सुबह आठ से 10 बजे तक अनुरक्षण कार्य कराया जाना है। इस कारण 132 केवी विद्युत उपकेंद्र चंदौली, धानापुर एवं चुनार की 33 केवी ग्रामीण फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी उपकेंद्र के जेई रूपेश कुमार ने दी है।