ग्रीन जोन घोषित होने के बाद राहत की उम्मीद
हालात को देखकर जिला प्रशासन लेगा निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। केंद्र सरकार ने प्रदेश के 20 जिलों को ग्रीन जोन घोषित किया है। ऐसे जिलों में लोगों को कुछ शर्तों के साथ लॉक डाउन के दौरान राहत देने की योजना तैयार की जा रही है। इन जिलों में चंदौली भी शामिल है। ग्रीन जोन के बाद अब जिला प्रशासन लाकडाउन, सोशल डिस्टेंस सहित अन्य सुरक्षा के लिहाज से निर्णय ले सकता है। लेकिन जब तक कोई निर्णय नहीं होगा तब तक लोगों को लाकडाउन का पूरी तरह से पालन करना होगा और घरों में रहना होगा।
केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों को रेड, आरेंज और ग्रीन जोन की श्रेणी में रखा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, जिन जिलों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है और नए मरीज सामने आ रहे हैं, उस जिले को रेड जोन में रखा गया है। वहीं, जिन जिलों में बीते 21 दिनों में एक भी नया मामला सामने नहीं आया है, उसे ग्रीन जोन में रखा गया है। केंद्र सरकार ने रेड जोन से ग्रीन जोन में जिलों को रखने के मानक बदले हैं। अब 28 दिन की बजाय 21 दिन तक कोरोना का नया केस नहीं आने पर किसी जिले को रेड जोन से ग्रीन जोन में रखा जा सकेगा।
कोट............
जिले में अभी तक एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिलने पर केंद्र सरकार की ओर से चंदौली को ग्रीन जोन घोषित किया गया है। लॉक डाउन के दौरान शासन के नया आदेश मिलने के बाद लोगों को सुविधाएं देने पर विचार किया जाएगा। तब तक लोगों को लॉक डाउन का पालन करना होगा और सोशल डिस्टेंस कर पूरा ध्यान रखना होगा। संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी, चंदौली।