वाराणसी रेंज के डीआईजी एसके भगत ने शनिवार को जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में अपराध और सावन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की। डीआईजी ने जनपद की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और अपराध की बढ़ती घटनाओं पर चिन्ता व्यक्त करते हुए उन थाना प्रभारियों को फटकार लगाई जिनके हलकों में अपराध वृद्धि हुई है। उन्होंने निर्देश दिया कि सावन में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए और न ही श्रद्धालुओं को कोई परेशानी।
समीक्षा बैठक में डीआईजी एसके भगत ने कहा कि सावन माह में पड़ने वाले त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस अधिकारी सक्रियता दिखाएं। सावन के प्रत्येक सोमवार को विशेष सतर्कता बरतें। कांवरियों के आने-जाने के लिए हाइवे पर सुरक्षित लेन पर पुलिस कर्मियों की तैनाती करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। सावन का महीना सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
गुरुपूर्णिमा के दिन जगह-जगह गुरु मठों पर लगने वाले मेले सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रहनी चाहिए। जनपद के अपराध की समीक्षा करते हुए बैठक में मौजूद थानाध्यक्षों को फटकारा। कहा कि जनपद की कानून व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। इसमें तत्काल सुधार की आवश्यकता है। ऐसा नहीं करने वाले पुलिस अधिकारियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में एसपी मुनिराज जी, एएसपी जियालाल यादव, सीओ प्रमोद यादव, नागेश मिश्रा, साजिद सिद्दीकी, मंजू सिंह, आरपी यादव, अवधेश कुमार सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।