जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया।
इसमें डीएम ने पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर जांच न करने पर विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता का वेतन रोक दिया। अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
किसानों ने जिलाधिकारी से कहा कि धानापुर व सकलडीहा फीडर में लो-वोल्टेज के कारण नलकूप और सबमर्सिबल पंप नहीं चल पाते हैं। इससे फसलों की सिंचाई नहीं हो पाती है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता नलकूप से कहा कि जिस दिन किसी नलकूप की खराब होने की सूचना मिले उसी दिन उसे चालू कराएं। किसानों को सिंचाई असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने शिकायत का एक हफ्ते के भीतर निपटारा करने के साथ-साथ, कार्य में देरी करने का भी कारण पूछा। कुछ किसानों ने नहर एवं नाले में कचरा फेंकने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि नहर या नाले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए एक जांच टीम बनाई जाएं। संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उन पर जुर्माना लगाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि विभाग, विद्युत, नलकूप, बंधी चन्द्रप्रभा के अधिकारी तहसील एवं ब्लाक स्तर पर भी माह में दो दिन किसानों के साथ बैठकर किसानों की समस्याओं का समाधान करें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता, दीनानाथ श्रीवास्तव माैज्ूद रहे।