पीडीडीयू नगर के बसिला में ईट भट्ठे पर छापेमारी करते आबकारी विभाग की टीम।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। पिछले दिनों मिर्जापुर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग भी सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अलीनगर और मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ईंट-भट्ठों पर दबिश दी। दबिश में लगभग 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की और 50 किग्रा लहन नष्ट किया। वहीं दो लोगों के खिलाफ अवैध शराब बनाने व बिक्री करने के आरोप में मुकदमा भी दर्ज कराया।
मिर्जापुर जिले में जहरीली शराब से चार लोगों की मौत होने के बाद शासन व आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं कुछ दिन बाद होली का पर्व भी आने वाला है। बुधवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए सीटों के आरक्षण की घोषणा कर दी गई है। इसे देखते हुए ईंट-भट्ठों पर शराब बनाने और बेचने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में डीएम व आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह की देखरेख में आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने अलीनगर थाना क्षेत्र के बसिला गांव और मुगलसराय कोतवाली के विभिन्न ईंट-भट्ठों पर दबिश देकर जांच पड़ताल की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने विभिन्न भट्ठों से लगभग 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा लगभग 50 किग्रा लहन भी नष्ट किया। साथ ही आबकारी की धाराओं के तहत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। जांच अभियान चलाने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक सर्किल-एक के ज्ञानप्रताप सिंह व सर्किल-दो के ओंकार सिंह सहित अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।