पीडीडीयू नगर के सुभाष पार्क में स्मार्ट मीटर के विरोध में बैठक करते लोग। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। विद्युत उपभोक्ताओं की बैठक रविवार को नगर स्थित सुभाष पार्क में हुई। इसमें उन्होंने उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लगाकर विद्युत निगम पर चार से छह गुना अधिक बिल वसूलने का आरोप लगाया। साथ ही इसे सरकार की ओर से जबरन बिजली उपभोक्ताओं से लूट की साजिश बताई।
एड. संतोष कुमार पाठक ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगा करके चार से छह गुना ज्यादा बिल वसूल रहा है। कहा कि अगर कोई उपभोक्ता नियमित रूप से अपना बिल जमा कर रहा है व उसपर विद्युत निगम का कोई बकाया नहीं है और उसका इलेक्ट्रिक मीटर ठीक चल रहा है तो स्मार्ट मीटर लगाने की कोई बाध्यता नहीं है। कहा कि अगर किसी उपभोक्ता के घर जबरन स्मार्ट मीटर लगाया जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराएं। चेताया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर लूट बंद न होने पर बिजली उपभोक्ता आंदोलन करेंगे। इस मौके पर अभिषेक पाठक, जनार्दन यादव, वेद प्रकाश वार्ष्णेय, संतोष यादव, बहादुर चौहान, नियाज अहमद आदि रहे।