पीडीडीयू नगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से निर्धारित बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर जिले में 49 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इनमें सबसे अधिक आपत्तियां परीक्षा केंद्रों की दूरी को लेकर हैं। मानक के अनुसार, विद्यालय से 12 से 15 किलोमीटर से अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र नहीं होना चाहिए, लेकिन आपत्तियों के अनुसार, कुछ विद्यालयों के केंद्र 15 की जगह 40 किलोमीटर दूर बनाए गए हैं। वहीं, 621 परीक्षार्थियों की क्षमता वाले केंद्र पर 1221 परीक्षार्थियों का आवंटन कर दिया गया है।
जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए 79 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर संस्थागत और व्यक्तिगत कुल 59,647 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र निर्धारण को लेकर मिली आपत्तियों का निस्तारण जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में गठित जिला केंद्र निर्धारण समिति करेगी। इसके लिए विभाग की ओर से बैठक बुलाई जाएगी। समिति आपत्तियों की समीक्षा कर निर्धारित मानकों के आधार पर निर्णय लेगी।
बिना पार्किंग वाले केंद्रों पर भी आपत्ति
इस बार जिले में 10 नए विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें कुछ केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल उठे हैं। कुछ विद्यालयों में परीक्षा के दौरान वाहनों की पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई है। परीक्षा केंद्रों की दूरी को लेकर कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज चकिया और राजकीय हाईस्कूल गरला सहित अन्य विद्यालयों ने आपत्ति दर्ज कराई है। वहीं, संत कबीर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित कुछ विद्यालयों ने उन्हें परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की है। पन्नो देवी इंटर कॉलेज सहजौर, लालता प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लाखापुर और चंद्रावती मेमोरियल विद्यालय की ओर से भी केंद्र बनाए जाने के संबंध में आपत्ति दर्ज कराई गई है। इसके अलावा नगर पालिका इंटर कॉलेज पीडीडीयू नगर, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली और वाल्मीकि इंटर कॉलेज बलुआ ने क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के आवंटन पर आपत्ति जताई है।
केस-1
18 से 40 किलोमीटर दूर आवंटित किए परीक्षा केंद्र
केंद्रों की दूरी को लेकर राजकीय हाईस्कूल गायघाट, चकिया के परीक्षार्थियों का केंद्र सरजू प्रसाद चौधरी मेमोरियल स्कूल, डिलिया सैयदराजा में बनाया गया है। इन दोनों विद्यालयों के बीच की दूरी लगभग 40 किलोमीटर बताई जा रही है। वहीं, भगवानदास इंटर कॉलेज के परीक्षार्थियों का केंद्र डीआरबी इंटर कॉलेज, विशुनपुरा में बनाया गया है। गरला इंटर कॉलेज का परीक्षा केंद्र 16 किलोमीटर दूर बद्रीनारायण इंटर कॉलेज बेलावर में बनाया गया है। जगदंबा शिक्षण संस्थान का केंद्र 20 किलोमीटर दूर महेंद्र टेक्निकल कॉलेज, चंदौली में बनाया गया है।
केस-2 :
क्षमता से दोगुने परीक्षार्थियों का आवंटन
महेंद्र टेक्निकल कॉलेज की क्षमता 621 परीक्षार्थियों की है, जबकि यहां 1221 परीक्षार्थियों का आवंटन किया गया है। वहीं, नगर पालिका इंटर कॉलेज की क्षमता 1206 है, लेकिन यहां 2184 परीक्षार्थियों का आवंटन हुआ है। सैयदराजा इंटर कॉलेज की क्षमता 771 परीक्षार्थियों की है, जबकि यहां 1499 परीक्षार्थियों की संख्या निर्धारित की गई है।
कोट-
प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी। जिला केंद्र निर्धारण समिति सभी आपत्तियों की समीक्षा करेगी। इसके बाद ही परीक्षा केंद्रों के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। - धर्मेंद्र कुमार, डीआईओएस, चंदौली