पीडीडीयू नगर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने से पहले पीडब्ल्यूडी ने करीब 25 लाख रुपये से जीटी रोड पर नगर से डांडी के ताल तक अभियान चलाकर गड्ढों को भरा था। गड्ढों को भरने का कार्य विगत वर्ष जून माह में आरंभ कर वर्ष के अंत तक समाप्त कर लिया गया था। बावजूद इसके चुनाव बीतने के कुछ दिन बाद ही सड़क पर फिर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। नगर में नई बस्ती स्थित एक निजी बैंक के सामने रोड की दक्षिणी पटरी पर बना बड़ा गड्ढा दुर्घटना को दावत दे रहा है। रात के अंधेरे में गड्ढा न दिखने के कारण राहगीर गिरकर घायल हो जा रहे हैं।
जीटी रोड की दोनों पटरियों पर नगर से पड़ाव तक काफी गड्ढे हैं। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। लोगों के बार-बार शिकायत किए जाने पर पीडब्ल्यूडी ने 25 लाख रुपये की व्यवस्था कर सड़क पर बने गड्ढों को भरवा दिया था। कार्यदाई संस्था की लापरवाही से सड़क पर फिर से गड्ढे बनने लगे हैं। भरे गए गड्ढे क्षतिग्रस्त होने लगे हैं। चंदासी कोल मंडी से पहले नई बस्ती स्थित एक निजी बैंक के सामने जीटी रोड की दक्षिणी पटरी पर बड़ा सा गड्ढा बन गया है। गड्ढे के आसपास बिखरी बड़ी-बड़ी गिट्टियां दुर्घटना को दावत दे रही हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों को भरने के कार्य में बरती गई लापरवाही से ऐसा हुआ है। बरसात के पहले ही सड़क पर गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। इससे बरसात के बाद सड़क की होने वाली दशा का अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है।
जीटी रोड पर बने गड्ढों के कारण वाहनों के आवागमन के दौरान हमेशा धूल उड़ती रहती है। इससे बाइक व सायकिल सवारों के साथ पैदल चलने वालों को परेशानी एठानी पड़ती है। धूल के साथ पत्थर के छोटे कण आंखों में जलन पैदा करती है। वहीं रोड के आसपास के दुकानदारों व घर बना कर रहने वाले लोगों में सांस संबंधी बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी से तत्काल सड़क पर बने गड्ढों को भरवाए जाने की मांग की है।
शासन के निर्देशानुसार शीघ्र ही जनपद में सड़कों पर बने गड्ढों को भरने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सड़कों को चयनित कर कार्ययोजना बनाने का कार्य आरंभ है। जीटी रोड पर बने गड्ढों को भी अभियान के दौरान प्रमुखता से भरवा दिया जाएगा। डीपी सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।