पीडीडीयू नगर। मुकद्दस पाक महीने माह ए रमजान का पहला रोजा उत्साह और इबादत के बीच बीता। लॉकडाउन की वजह से मस्जिदों में लोग नहीं पहुंचे। घरों में ही सहरी, इफ्तार, तरावीह और पांचों वक्त की नमाज अदा की। लोग घरों से निकल कर लॉकडाउन का उल्लंघन न करें, इसके लिए पुलिस सजग रही और मुस्लिम बहुल इलाकों में चक्रमण करती रही।
मुस्लिम समाज के लिए सबसे पाक माना जाने वाले माहे रमजान की शुरूआत शनिवार से हुई। शुक्रवार की शाम चांद दिखने के बाद से ही हलचल तेज हो गई थी। रात में लोगों ने घरों में तरावीह पढ़ी और इसके बाद पहले रोजे के सहरी की तैयारी तेज कर दी। एक माह के रमजान में सहरी और इफ्तार के लिए सेवइयों, खजूर, बेसन, तेल सहित सामानों की खरीददारी पूर्व से ही होने लगी थी। लॉकडाउन की वजह से नगर के जामा मस्जिद, अलीनगर, कसाब महाल, दुलहीपुर, सिकटियां सहित अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में सजने वाली बाजारें नहीं सजी। प्रशासन ने लॉकडाउन में लोगों को परेशानी न हो इसके लिए सामान के होम डिलेवरी की व्यवस्था शुरू की। ऐसे में लोगों ने संबंधित दुकानों से खजूर, मिस्वाक, परचून के सामान मंगाए। रात में ही सहरी की तैयारी शुरू हो गई थी। सुबह की अजान के साथ ही लोगों ने सहरी के साथ रोजे की शुरूआत की। इसके बाद इबादतों का दौर शुरू हो गया। घर में नमाज अदा करने के बाद दोपहर होते ही इफ्तारी की तैयारियां शुरू कर दी। महिलाओं ने तरह तरह के पकवान तैयार किए। शाम को सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए सभी ने इफ्तारी की। दूसरी तरफ पुलिस लॉकडाउन का उल्लंघन न हो इसके लिए पूरी तरह से सतर्क रही। शनिवार को भी लगातार मुस्लिम बहुल इलाकों में घूम घूम कर लोगों को घरों में ही रहकर इबादत करने के लिए जागरूक करती रही। वहीं मस्जिदों में पहुंच कर मौलवियों से लोगों को समझाने का आग्रह किया।
माह ए रमजान----
दूसरा रोजा इफ्तार
26 अप्रैल 2020
सुन्नी- शाम 06.24 बजे
शिया-शाम 06.36
तीसरा रोजा सहरी
27 अप्रैल 2020
सुन्नी-सुबह 04.02 बजे
शिया-सुबह 04.00 बजे