पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे का पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल कार्यालय ई आफिस में तब्दील हो गया है। यहां डिजिटल तरीके से फाइलों का निपटारा किया जा रहा है। इससे जहां काम में पारदर्शिता आई है वहीं समय से फाइलों का निपटारा हो रहा है। कर्मचारियों का पूरा डेटा कंप्यूटरीकृत होने से कार्यालयों में कागजों की फाइलें बीते जमाने की बात होगी। वहीं फाइलों के जलने और खराब होने पर डेटा गायब होने की समस्या नहीं आएगी।
कार्यालय के डिजिटल किए जाने के क्रम में मंडल के ऑफिस का डेटा ऑनलाइन किया गया है। वर्तमान में फाइल पूरी तरह डिजिटल हो गया है। कम्प्यूटर पर ही फाइल स्टोर होने की वजह से हर फाइलों का ऑनलाइन निपटारा शुरू हो गया है। ई- ऑफिस शुरू होने से कंप्यूटरीकृत कार्य से समय की बचत होने लगी है। ई-ऑफिस सिस्टम पूरी तरह से मंडल में लागू होने के बाद कागज पर तैयार फाइलें अब गुजरे जमाने की बात हो जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने बताया कि ई-ऑफिस एक एकीकृत फाइल और रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली है जो आंतरिक डाटा के सुगम उपयोग के साथ सामग्री प्रबंधन को सरल बनाता है। इसके शुरू हो जाने से फाइल की ट्रैकिंग और अभिलेखीय डेटा को आसानी से उपलब्ध कराता है। सिस्टम और डाटा पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखता है। ई-ऑफिस कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था बहाल की गई है।
पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए देेश में जारी लॉकडाउन में असहायों को भोजन कराने की जिम्मेदारी रेलवे ने उठा रखी है। यही कारण है कि मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशन परिसर में आईआरसीटीसी की ओर तैयार भोजन को आरपीएफ के सहयोग से असहायों क बीच वितरित किया जा रहा है।
नगर के पॅ. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया के साथ रेलवे लाइन से सटे गांवों में आरपीएफ के सहयोग से खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। दूसरी तरफ गया रेलवे स्टेेशन और आस पास के इलाकों में भी आरपीएफ, वाणिज्य विभाग के सहयोग से खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। शनिवार को पीडीडीयू जंक्शन परिसर में चार सौ और गया स्टेशन के समीप छह सौ असहायों को भोजन कराया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा गया।
पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से देेश में तीन मई तक लॉकडाउन लागू किया गया है। इस दौरान यात्री ट्रेनों का परिचालन बंद है। दूसरी तरफ लोगों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से मालगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को वमंडल के विभिन्न स्टेशनों पर जरूरी सामान की आपूर्ति की गई। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी पृथ्वी राज ने बताया कि शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में आपूर्ति के लिए मालगाड़ियों से मंडल के सासाराम स्टेशन गुड्स शेड तथा भभुआ रोड स्टेशन से चावल की लोडिंग की गई।
पीडीडीयू नगर। कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के प्रयास में मंडल के सभी कार्यालयों,कार्यशालाओं तथा रेलवे कालोनियों,रेलवे सुरक्षा बल पोस्टों, बैरकों, क्रू-लॉबी आदि स्थानों में कीटाणुनाशक दवा का छिड़काव निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम को जारी रखते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं.स्टेशन के मानसनगर रेलवे कालोनी,आर.पी.एफ. कालोनी,लोको कालोनी में दवा का छिड़काव कर सेनिटाइज किया जा रहा है।