रेलवे के टीआरएस शेड के इलेक्ट्रानिक इंजन शेड के पैनल में सोमवार को दोपहर बाद ढाई बजे शार्ट सर्किट से पैनल में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये मूल्य के उपकरण जल गए। फायर ब्रिगेड के गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। आग के कारण दो घंटे तक कोई काम नहीं हुआ और अफरातफरी मची रही।
सोमवार को ढाई बजे टीआरएस शेड में काम कर रहे एक कर्मचारी ने शेड के एक पैनल से धुआं निकलते देखा तो शोर मचाया। जब तक आग बुझाने का प्रयास होता इलेक्ट्रानिक पैनल में लपटें निकलने लगी और शेड में अफरा तफरी मच गई। कर्मचारी इधर उधर भागने लगे। अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों को तत्काल वहां से हटाया गया।
सूचना के आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड के दो वाहन पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस दौरान इंजन मरम्मत के लिए रखे गए विभिन्न उपकरण सहित लाखों रुपये मूल्य के सामान नष्ट हो गए। कर्मियों की माने तो समय से आग बुझ गई अन्यथा नुकसान और बड़ा होता। पैनल की मरम्मत में भी समय लगेगा। सूचना पाकर टीआरएस के अधिकारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल मुगलसराय पोस्ट के प्रभारी व्यंकटेश दल बल के साथ पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित किया। तीन घंटे तक शेड में काम ठप रहा और अफरा तफरी मची रही। तमाम सुरक्षा उपकरणों के बावजूद शेड में आग लगने की चर्चा रही।