फोरलेन के किनारे उत्तरी पटरी पर धर्मशाला रोड के समीप सोमवार से नाले का निर्माण आरंभ कर दिया गया है। इस दौरान जेसीबी लगाकर नाले की जमीन की जद में आने वाला अतिक्रमण को हटाकर नाले के लिए जमीन की खुदाई की गई।
पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक बन रहे सिक्स व फोरलेन योजना के तहत नगर में गुरुद्वारे से पुराने जीटी रोड तक फोरलेन का निर्माण किया गया है। लेन के किनारे ढाई मीटर चौड़ा नाला बनाया जाना है। रेलवे के वीआईपी गेट के सामने स्थित पुराने काली मंदिर को शिफ्ट किए जाने को लेकर धर्मशाला रोड के आगे से जीटीआर ब्रिज तक करीब 500 मीटर नाले का निर्माण रुका हुआ था। मंदिर को फायर स्टेशन के सामने दक्षिणी पटरी पर स्थापित किए जाने के बाद नाले का निर्माण आरंभ किया गया है। इसके लिए नाले की खुदाई के साथ जेसीबी से अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्था को नाप कर सरकारी जमीन की हद बता दी गई है। साथ ही इसकी जद में आने वाले अतिक्रमण हटाकर नाले का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।