पीडीडीयू नगर। विद्युत निगम की ओर से जिले में लोगों के घरों में अभियान चलाकर बिजली के पुराने मीटर के स्थान पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। चंदासी उपकेंद्र से जुड़े करीब 85 हजार उपभोक्ताओं में करीब आधे के घरों व प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाया जा चुका है। पुराने मीटर में जहां हर माह बिजली का बिल आसानी से निकल जाता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद ऑनलाइन बिल रेगुलर नहीं आ रहा है जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।
चंदासी उपकेंद्र से जुड़े जिन उपभोक्ताओं के घरों व प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाया गया है, उनमें से आधे के यहां जनवरी माह के 12 दिन बीत जाने के बाद भी दिसंबर माह का बिजली का ऑनलाइन बिल नहीं आया है। चंदासी उपकेंद्र पर इस संबंध में पूछे जाने पर कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा है। ऐसे में इन उपभोक्ताओं की समझ में नहीं आ रहा है कि वे अपनी शिकायत कहां दर्ज कराएं या कैसे अपना बिजली का बिल जमा करें। इस संबंध में उपकेंद्र के एसडीओ मनोज कश्यप ने बताया कि कुछ तकनीकी खामी की वजह से अभी करीब आधे उपभोक्ताओं का बिजली का बिल नहीं पहुंच पाया है। आगामी 13 से 15 जनवरी तक सभी उपभोक्ताओं का बिजली का बिल ऑनलाइन पहुंच जाएगा।