शहाबगंज। थाना क्षेत्र के अमांव गांव में सोमवार सुबह उपला लेने गई करीब 60 वर्षीय वृद्धा को जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल चंदौली ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अमांव गांव निवासी रामवंती देवी पत्नी टेंगरी चौहान (60) सोमवार सुबह घर में दूध गर्म करने के लिए उपला लेने गई थीं। बताया गया कि उपलों के बीच छिपे सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान रामवंती देवी ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर शहाबगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।