पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पीडीडीयू नगर-पड़ाव मार्ग पर डांडी गांव के पास सोमवार शाम करीब चार बजे बारिश के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार वाराणसी के नई बस्ती लालपुर, पांडेयपुर निवासी दर्शन पटेल (35) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय दर्शन ने हेलमेट नहीं पहना था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दर्शन की शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार दर्शन तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। परिवार में पत्नी ममता देवी और 10 वर्षीय बेटा है। दर्शन निजी चिकित्सक के यहां नौकरी करता था।
परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन पर ममता देवी अलीनगर थाना क्षेत्र के छित्तमपुर गांव स्थित मायके गई थी। सोमवार को दर्शन बाइक से पत्नी को लेने जा रहा था। इसी दौरान डांडी गांव के पास बारिश के बीच बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।