पीडीडीयू नगर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या कम नहीं हो रही है। एक्टिव केस की संख्या पिछले तीन चार दिनों से लगभग स्थिर बनी हुई हैं। शनिवार को आठ संक्रमित स्वास्थ हुए, वहीं 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसकी पुष्टि डीएम नवनीत सिंह चहल ने की है।
शनिवार को आई कोरोना की रिपोर्ट में एक बालिका,तीन महिला और 10 पुरूष संक्रमित मिले हैं। सभी स्थानीय हैं और क्षेत्र भ्रमण व अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में एक बैंककर्मी, एक किसान, एक अध्यापक, तीन गृहणी, चार प्राईवेट जॉब कर्मी और एक छात्र है। संक्रमितों में चहनिया ब्लाक के एक, चकिया के तीन, चंदौली ब्लाक के एक, नौगढ़ के एक, नियामताबाद के दो, पीडीडीयू नगर के पांच और एक सकलडीहा के रहने वाले हैं। इन सभी के संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जिले में कोविड जॉच के लिए कुल 1296 नमूने एकत्र किए गए। वहीं शनिवार को आठ व्यक्तियों को स्वस्थ घोषित किया गया। इस तरह जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3890 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 117 है जबकि 3726 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक जिले में 47 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है।