पराली जलाने पर चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के आठ किसानों पर मुकदमा दर्ज कर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। सैटेलाइट से निगरानी के बाद पराली जलाए जाने का पता चला था। वहीं सदर एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल दीपक को कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया है।
शासन ने पराली जलाने वाले किसानों को जागरूक करने के साथ नियम तोड़ने वालों के जुर्माना व मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए राजस्व विभाग और कृषि विभाग के कर्मचारियों की टीम बनाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं पराली जलाने की की निगरानी सेटेलाइट के माध्यम से हो रही है।
बुधवार को पराली जलाने के आरोप में कृषि विभाग और राजस्व कर्मियों ने धीना थाने में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें सिकठा के विष्णु, पिपरदहा के सीताराम, तालिका सिंह, अजीत सिंह, अनिल सिंह, जोशी, मारकंडेय और बरली के हीरा सिंह शामिल हैं।