चंदौली। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को ओडीओपी योजना के लिए आवदेन करने वालों को साक्षात्कार हुआ। इसमें परियोजना निदेशक सुशील कुमार और उद्योग उपायुक्त ने आवेदकों से रोजगार के संबंध में सवाल पूछकर उनकी योग्यता को परखा। कुल 11 अभ्यर्थियों में आठ लोगों का चयन हुआ। इन्हे रोजगार लगाने के लिए विभाग की ओर से बैंकों से ऋण दिलाया जाएगा।
ओडीओपी योजना के लिए 16 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। साक्षात्कार के दौरान 11 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसमें आठ लोगों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों के साथ पूरी फाइल बैंकों को भेजी जाएगी। विभाग स्वरोजगार के लिए बैंकों से अभ्यर्थियों को ऋण दिलाएगा। अधिकारियों की टीम ने अभ्यर्थियों से अनुभव समेत अन्य सवाल पूछे। उनकी शिक्षा और दक्षता के आधार पर स्वरोजगार के लिए चयनित किया। हालांकि तीन अभ्यर्थी पूरी तरह से फिसड्डी निकले। सामान्य सवालों त्नका भी जवाब नहीं दे पाए। इसके चलते आवेदन को निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत स्वरोजगार के लिए 129 और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लिए 110 लोगों ने आवेदन किया था। शासन ने इन योजनाओं के लिए बिना साक्षात्कार अभ्यर्थियों के चयन का निर्देश दिया है। जिला स्तरीय चयन समिति अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग करेगी। वहीं अभ्यर्थियों से स्कोर कार्ड भी भरवाया जाएगा। स्कोर कार्ड में अभ्यर्थियों को अपना, नाम, पता, मोबाइल नंबर, बैंक खाता, आधार, पैन समेत औद्योगिक अनुभव के बारे में पूरी डिटेल भरनी होगी। विभाग इसे शासन को भेजेगा। स्कोर कार्ड अभ्यर्थियों के चयन के लिए आधार बनेगा। इस दौरान खादी ग्रामोद्योग अधिकारी किरन श्रीवास्तव, एलडीएम पवन कुमार झा, रेवसा आइटीआइ कालेज के प्रधानाचार्य जयप्रकाश मौजूद रहे।