उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के तहत सभी राजकीय, अशासकीय, सहायताप्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की बैठक नगर पालिका इंटर कॉलेज के वीर अब्दुल हमीद सभागार में हुई। इस दौरान चालू शिक्षा सत्र में शैक्षिक पंचांग के अनुरूप शिक्षण कार्य कराने पर बल दिया गया।
अध्यक्षता करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने माध्यमिक विद्यालयों में साफ सफाई, पौधरोपण, पुरातन छात्र समागम, शैक्षिक पंचांग के अनुरूप पठन-पाठन, इंस्पायर अवॉर्ड योजना में पंजीकरण समय पर कराने का निर्देश दिया। इस दौरान प्रधानाचार्यों से विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पड़े शिक्षकों के अधियाचन को ऑनलाइन विद्यालय स्तर से भरने के लिए एक विशेष प्रशिक्षण जिला विद्यालय निरीक्षक व वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा द्वारा दिया गया। निर्देश किया गया कि समय से सभी रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को ऑनलाइन प्रेषित कर दिया जाए ताकि रिक्त पदों पर शिक्षकों की भर्ती हो सके। बैठक में नगर पालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र कुमार पांडेय, रामानंद यादव, मयंक मोहन यादव, रमेश कुमार सिंह, मोहम्मद फिरोज खान, बिहारी लाल, शिवानंद गौतम उपस्थित रहे।