पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने मंगलवार को कर्मनाशा स्टेशन पर मालगाड़ी के पटरी से उतरने वाले स्थल का निरीक्षण किया। पीडीडीयू जंक्शन और प्लांट डिपो कारखाने, पीडीडीयू गया रेल खंड और गया स्टेशन का निरीक्षण किया। मंगलवार की सुबह पहुंचे जीएम अनुपम शर्मा ने सबसे पहले पीडीडीयू जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद वे प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना का निरीक्षण किया। मशीनों, उपकरणों के बारे में जानकारी हासिल की।
महाप्रबंधक ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन-गया रेलखंड के निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक एवं उसके अनुरक्षण की गुणवत्ता, प्वाइंट, क्रासिंग सहित रेल संरक्षा से संबंधित अन्य बिंदुओं को परखा। उन्होंने कर्मनाशा में मालगाड़ी के बेपटरी होने वाले स्थल को देखा और घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने गया जंक्शन पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा के बारे में जनकारी ली। स्टेशन पर चल रहे काम की समीक्षा भी की। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता भी साथ रहे।
02. गया रुकेगी भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस
पीडीडीयू नगर। भुवनेश्वन से नई दिल्ली के बीच चलने वाली नई दिल्ली भुवनेश्वर दुरंतो एक्सप्रेस 31 मई से गयारेलवे स्टेशन पर रुकेगी। इससे यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस का पीडीडीयू मंडल के गया जंक्शन पर ठहराव दिया गया है। अब तक ट्रेन यहां रुकती थी लेकिन वाणिज्यिक ठहराव नहीं था। अब यहां वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस 31 मई से शाम 18.40 बजे गया जंक्शन पहुंचेगी और 18.43 बजे प्रस्थान करेगी। संवाद