पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेल कोे चालू वित्त वर्ष के पहली तिमाही में यात्री यातायात, माल ढुलाई सहित अन्य सभी स्रोतों से 6837.16 करोड़ रुपए की आय हुई है। यह पिछले वर्ष के जून माह तक हुई 5443.22 करोड़ रुपये की तुलना में 25.61 प्रतिशत अधिक है। यदि सिर्फ जून की बात करें तो इस माह में 2301.82 करोड़ रुपए की आय हुई है। यह पिछले वर्ष जून माह में हुई आय 1774.15 करोड़ रुपए की तुलना में 29.74 प्रतिशत अधिक है। यह आय किसी भी वर्ष के जून माह में प्राप्त आय की तुलना में सर्वाधिक है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के जून माह तक यात्री यातायात से 837.23 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई। यह आय पिछले वर्ष के जून माह तक प्राप्त आय 417.66 करोड़ की तुलना में लगभग दोगुनी है। सिर्फ जून में यात्री यातायात से 274.48 करोड़ रुपए प्राप्त हुए जो पिछले वर्ष जून में यात्री यातायात से हुई 249.43 करोड़ रुपए की तुलना में 10.04 प्रतिशत अधिक है। माल ढुलाई के क्षेत्र में उत्साहवर्द्धक वृद्धि दर्ज की गई है। इस क्रम में वर्ष 2022-23 के जून माह तक पूर्व मध्य रेल की ओर से 46.05 मिलियन टन का माल लदान किया गया। यह पिछले वित्तीय वर्ष के इसी अवधि में किए गए माल लदान 41.17 मिलियन टन की तुलना में 11.84 प्रतिशत अधिक है। पूर्व मध्य रेल की ओर से की गई इस माल ढुलाई से पिछले वर्ष प्राप्त आय 4948.49 करोड रुपए की तुलना में 17.55 प्रतिशत वृद्धि के साथ 5817.08 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। सिर्फ जून में माल ढूलाई से 1986.06 करोड़ रुपए मिले हैं। यह पिछले वर्ष जून में माल ढुलाई से प्राप्त आय 1494.05 करोड़ रुपए की तुलना में 32.93 प्रतिशत अधिक है। यह आय किसी भी वर्ष के जून माह में प्राप्त आय की तुलना में सर्वाधिक है। इसी क्रम में अन्य कोचिंग से प्राप्त आय में भी 75.01 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह पिछले वित्तीय वर्ष के जून माह तक अन्य कोचिंग से प्राप्त आय 49.38 करोड़ रुपये की तुलना में 86.42 करोड़ रुपये रही। सिर्फ जून में अन्य कोचिंग से 30.81 करोड़ रुपए प्राप्त हुए जो पिछले वर्ष जून में अन्य कोचिंग से प्राप्त आय 15.92 करोड़ रुपए की तुलना में 93.53 प्रतिशत अधिक है। यह आय किसी भी वर्ष के जून माह में प्राप्त आय की तुलना में सर्वाधिक है।