नौगढ़। क्षेत्र के विशेषरपुर स्थित पुलिया के समीप सोमवार को सोनभद्र से स्कूली बच्चों को लेकर आ रहे टाटा मैजिक को डंपर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। वहीं टक्कर मारने के बाद डंपर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नशे में धुत चालक को पकड़ लिया और घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
सोनभद्र के बहेरी में संचालित स्व. सुराही देवी पब्लिक स्कूल के बच्चों को टाटा मैजिक उनके घर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में विशेषरपुर पुलिया के पास वाहन खड़ा कर चालक किसी बच्चे को छोड़ने चला गया। इसी बीच एक अनियंत्रित डंपर ने पीछे से मैजिक में टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर सड़क के किनारे नहर में जाकर गिर गई। टक्कर लगने से गाड़ी में बैठे बच्चों में छह वर्षीय स्नेहिल, आठ वर्षीय रितेश व अनन्या सहित आधा दर्जन बच्चे चोटिल हो गए। बच्चों के नाक व कुछ के सिर में चोट आ गई। सूचना मिलने पर नौगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भाग रहे डंपर चालक उमेश को दौड़ाकर पकड़ लिया। साथ ही घायल बच्चों को इलाज के लिए एंबुलेंस से स्थानीय सीएचसी भेजवाया। सीएचसी में सभी बच्चों को उपचार के बाद छोड़ दिया। वहीं कुछ घायल बच्चों को उनके परिजन निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि डंपर को थाने में खड़ा कर उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।