पीडीडीयू नगर। सोमवार को करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश से जिले में मौसम बदल गया। बारिश के साथ चल रही हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। नगर के जीटीआर ब्रिज की चहारदीवारी सोमवार की शाम छह बजे तेज बारिश के दौरान गिर गई। चहारदीवारी गिरने से किनारे खड़ी तीन बाइक और एक साइकिल दब गई। बारिश के दौरान ओड़वार स्थित कांशीराम आवास के ब्लॉक संख्या-12 के आवास संख्या 45 से 56 तक सीढ़ी का बारजा गिर गया।
उधर, बारिश के कारण तापमान में गिरावट होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। जिले में अधिकतम तापमान रविवार के 32 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 30 पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। उधर, बारिश के दौरान सड़क पानी भर जाने के बाद भी कुछ बच्चे वाॅलीबॉल खेलते नजर आए। रविवार की रात से लेकर सोमवार को दिन तक लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। इस बीच सोमवार को शाम करीब पांच बजे काले बादल घिर गए और बारिश शुरू हो गई। शाम सात बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। बादलों छाए रहने से शाम पांच बजे ही अंधेरा छा गया। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते बारिश ने गति पकड़ ली और दो घंटे तक मूसलाधार बारिश होती रही। इसके बाद भी हल्की बारिश होने और हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा बना रहा। बारिश के कारण फोरलेन सहित नगर के कई मोहल्लों की सड़कों पर जलभराव हो गया। बारिश रुकने के काफी देर बाद तक सड़कें पानी में डूबी रहीं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का कहना था कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने बारिश से पहले नाले-नालियों की सफाई करा दी होती तो उन्हें परेशानी नहीं उठानी पड़ती। कई जगह नाले से सिल्ट निकालकर किनारे पर छोड़ा गया है, जो बारिश के पानी में मिलकर नाले में बह गया। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून ने पूरे प्रदेश को आच्छादित कर लिया है। जुलाई के पहले सप्ताह तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।
उधर, नगर के जीटीआर ब्रिज की चहारदीवारी सोमवार की शाम छह बजे तेज बारिश के दौरान गिर गई। चहारदीवारी गिरने से किनारे खड़ी तीन बाइक और एक साइकिल दब गई। संयोग था कि कोई व्यक्ति इसमें नहीं दबा। ओवरब्रिज के किनारे क्षतिग्रस्त दीवार के गिरने की आशंका पहले भी लोग जता चुके थे। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के जीटीआर ब्रिज से सटे खाली जमीन पर डेढ़ दशक पहले यहां अतिक्रमण हटवाकर रेलवे ने चहारदीवारी खड़ी कराई थी। जीटीआर ब्रिज के नीचे रोड रेलवे के इंडियन इंस्टीट्यूट काॅलोनी, शास्त्री कॉलोनी, मालगोदाम होते हुए पटपरा, भूपौली होते हुए चहनिया तक जाती है। यह सड़क अति व्यस्त है। उधर, जीटीआर ब्रिज से सटे दीवार के किनारे ही चहनिया जाने मार्वाग पर जीप और ऑटो चालक वाहन खड़ी करके सवारियां भरते हैं। यहीं पुल के नीचे राम मंदिर के पास मिठाई, दवाई और परचून आदि की दुकानों के साथ ही ठेले खोमचे लगते हैं। पुल और चहारदीवारी के बीच खाली जगह में कुछ वर्ष पहले रेलवे की ओर से कूड़ा फेंका जाने लगा। इससे चहारदीवारी और पुल के बीच खाली जगह भर गई। वहीं दबाव के कारण दीवार एक तरफ झुकने लगी। दीवार के नीचे बड़े-बड़े चूहों ने सुरंग बना दी। इससे दीवार खतरनाक ढंग से झुक गई थी। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार रेलवे के अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सोमवार की शाम तेज बारिश शुरू हो गई। कई लोगों ने अपनी बाइक दीवार की तरफ खड़ी कर दी और स्वयं दुकानों में चले गए। शाम छह बजे दीवार भरभराकर गिर गई। इससे तीन बाइक और एक साइकिल मलबे में दब गई। संयोग था कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इस संबंध में मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग से मामले की जांच कराई जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
उधर, शाम हुई मूसलाधार बारिश के दौरान ओड़वार स्थित कांशीराम आवास के ब्लॉक संख्या-12 के आवास संख्या 45 से 56 तक सीढ़ी का बारजा गिर गया। गनीमत थी कि किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची। शाम पांच बजे शुरू हुई बारिश के करीब एक घंटे बाद ही बारजा तेज आवाज के साथ गिर गया। बारजा गिरने की आवाज सुनकर आवंटी घबरा गए। पहले तो उन्हें पता ही नहीं चला, लेकिन जब बाहर निकले तो बारजा गिरा दिखा। उधर, चंदासी उपकेंद्र के सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति बारिश के बावजूद कुछ देर तक तो सामान्य रही, लेकिन फीडर संख्या दो से आपूर्ति तीन घंटे तक बंद रही। हालांकि कुछ फीडरों से बिजली आपूर्ति जारी रही। उधर, बारिश शुरू होने के बाद बिजली की आवाजाही शुरू हो गई। फीडर संख्या एक सहित अन्य फीडरों से एक-दो बार बिजली कटने के बाद आ गई, लेकिन फीडर संख्या दो की बिजली आपूर्ति देर तक ठप रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को बारिश के दौरान जायसवाल स्कूल और पटेल नगर में तार टूट जाने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश रुकने के बाद रात आठ बजे बिजलीकर्मियों ने टूटे तारों की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की। इस संबंध में विद्युत वितरण खंड-दो के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार यादव ने बताया कि फीडर संख्या दो में भी नए ट्रांसफाॅर्मर लगाने और तार बदलने का कार्य चल रहा है। जल्दी ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।