दुलहीपुर। चंदासी कोयला मंडी के पास सिक्स लेन सड़क बनने के बाद भी धूल की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिली। वाहनों के गुजरने से सड़क के किनारे जमी धूल उड़ती है तो दिन में भी अंधेरा छा जाता है। इससे सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। आसपास रहने वालों के साथ राहगीर भी परेशान हैं लेकिन नगर पालिका प्रशासन सफाई नहीं करा रहा।
चंदासी कोयला मंडी में कोल डिपो तक जाने वाला रास्ता कच्चा है। ऐसे में बारिश होते ही इसमें पानी भर जाता है। मंडी में कोयला लेकर आने वाले ट्रक इसी कीचड़ भरे रास्ते से कोल डिपो जाते हैं। लौटते समय ट्रकों के पहिए में फंसा कीचड़ सड़क पर बिखर जाता है। यह कीचड़ सूखने के बाद धूल बनकर वाहनों के आवागमन से उड़ता रहता है। धूल के गुबार से दिन में भी अंधेरा छा जाता है, जिससे आसपास रहने वालों के साथ राहगीर भी परेशान होते हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सिक्स लेन बनने के बाद धूल की समस्या से मुक्ति मिलने की आस लगी थी लेकिन हालात जस के तस हैं। कोयला मजदूर संघ के अध्यक्ष केशर सिंह कुशवाहा, पंकज जयसवाल, डोमा मेठ, रमेश मेठ, जितेंद्र कुमार यादव, रामगहन बिंद, बहादुर पासवान, नरसिंह बिंद आदि ने बताया कि धूल के कारण मंडी में रहना मुश्किल हो रहा है। सड़क बना रही कंपनी यदि लगातार पानी का छिड़काव कराती तो समस्या का समाधान हो जाता। वहीं, एक महीने से नगर पालिका प्रशासन ने भी सफाई नहीं कराई है, जिससे समस्या गंभीर होती जा रही है। वहीं, पालिका के प्रभारी ईओ अविनाश कुमार ने कहा कि समय-समय पर सड़क की सफाई कराई जाती है। जल्द ही सफाई कर्मी लगाकर सड़क से धूल हटाई जाएगी।