चंदौली। चार दिन पहले अर्थ संख्याधिकारी कार्यालय से चोरी हुई छह बैटरी और स्टेबलाइजर का पता लगाना तो दूर पुलिस ने मुकदमा ही दर्ज नहीं कर रही थी। डीएसटीओ राजीव श्रीवास्तव भी मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली के चक्कर काट रहे है। हालांकि काफी दबाव के बाद शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया।
अर्थ व संख्या अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 23 नवंबर को शाम आठ बजे तक कार्यालय में काम हुआ। इसके बाद कर्मचारी ताला बंद करके चले गए। अगले दिन 24 नवंबर को कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था तथा बैट्री और यूपीएस गायब था। बताया कि चोर ताला तोड़कर दफ्तर के अंदर दाखिल हुए थे। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना देने के साथ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई। लेकिन पुलिस को मुकदमा दर्ज करने में चार दिन लग गए। बताया कि पुलिस की ओर से छानबीन के नाम पर टकराया जा रहा है। केस दर्ज न होने से नई बैट्री और यूपीएस खरीदने में भी विलंब हो रहा है। इससे कामकाज प्रभावित है। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि डीएसटीओ सरकारी कार्यालय में दूसरी बार चोरी की घटना हुई है। ऐसे में मामले की जांच करने में देरी हुई। हालांकि शनिवार की देर शाम को मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। पुलिस चोरों की छानबीन में जुटी हुई है।